ब्रेकिंग न्यूज

करोड़ो के टेंडर में बड़ा घोटाला? हितेश सूर्यवानी पर फर्जी दस्तावेज़ का आरोप, थाने में शिकायत,टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल


(छत्तीसगढ़ उजाला)-गौरेला–पेंड्रा–मरवाही में जिला पंचायत भवन निर्माण के 3.01 करोड़ रुपये के टेंडर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मामले में ठेकेदार हितेश सूर्यवानी के खिलाफ थाना पेंड्रा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निविदा प्रक्रिया के दौरान संदिग्ध अनुभव प्रमाण पत्र और पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर टेंडर हासिल करने का प्रयास किया गया।

फर्जी दस्तावेज़ से लाभ लेने का आरोप

शिकायतकर्ता का कहना है कि टेंडर में लगाए गए दस्तावेजों की सत्यता पर गंभीर संदेह है। आरोप है कि प्रमाण पत्रों का स्वतंत्र सत्यापन नहीं कराया गया और नियमों की अनदेखी करते हुए प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। यदि यह आरोप सही साबित होते हैं, तो मामला केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि गंभीर आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आ सकता है।

एफआईआर दर्ज करने की मांग

लिखित शिकायत में पुलिस से मांग की गई है कि दस्तावेजों की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराई जाए तथा दोष सिद्ध होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए। मामले की प्रतिलिपि उच्च अधिकारियों को भी भेजे जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल बढ़ी है।

पुलिस और प्रशासन की परीक्षा

अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि प्रारंभिक जांच में आरोपों में दम पाया जाता है, तो यह मामला जिले की टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा कर सकता है। 3.01 करोड़ रुपये की इस परियोजना में उठे आरोपों ने पूरे प्रशासनिक तंत्र की कार्यशैली को कटघरे में ला खड़ा किया है।

फिलहाल, जांच के नतीजे ही तय करेंगे कि यह महज आरोप हैं या फिर वास्तव में बड़ा खेल हुआ है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button