छत्तीसगढ़ विधानसभा में गूंजा ड्रग तस्करी का मुद्दा: नव्या मलिक का नाम सूची से गायब, भूपेश बघेल ने उठाए गंभीर सवाल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-प्रदेश में बढ़ते ड्रग तस्करी के मामलों को लेकर आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में जोरदार चर्चा हुई। सदन में बहुचर्चित ड्रग पैडलर नव्या मलिक का नाम गूंजा और इस मुद्दे पर सियासी तापमान बढ़ गया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार से तीखे सवाल करते हुए कहा कि ड्रग तस्करी प्रकरण में जिन आरोपियों की सूची सदन में प्रस्तुत की गई, उसमें नव्या मलिक का नाम शामिल नहीं है। उन्होंने पूछा कि आखिर प्रश्न के उत्तर में दी गई आधिकारिक जानकारी से नव्या मलिक का नाम क्यों गायब है? क्या यह महज लापरवाही है या जानबूझकर नाम छिपाया गया है?
बघेल ने यह भी जानना चाहा कि यदि सूची से नाम हटाया गया है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है और क्या संबंधित अधिकारियों पर कोई कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग की।
वहीं, संबंधित मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में तत्काल जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की परीक्षण (जांच) कराई जाएगी और तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सदन में इस मुद्दे को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। ड्रग तस्करी जैसे गंभीर विषय पर उठे इस विवाद ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।



