चेक बाउंस मामले में हाई कोर्ट से राहत, अभिनेता राजपाल यादव तिहाड़ से रिहा

नई दिल्ली। चेक बाउंस मामले में हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद अभिनेता राजपाल यादव तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि कानूनी मामलों से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए उनके वकील से संपर्क किया जाए।
राजपाल यादव ने भावुक अंदाज़ में कहा, “2027 में बॉलीवुड में मेरे 30 साल पूरे हो जाएंगे। भारतीय सिनेमा का हर बच्चा और बुजुर्ग मेरे कलेजे का टुकड़ा है। पिछले 10 वर्षों में कोर्ट ने जहां-जहां बुलाया, मैं हर बार उपस्थित हुआ हूं। जो लोग सोशल मीडिया पर नहीं हैं, वे भी मेरे समर्थक हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि उन पर कोई आरोप है तो वह अदालत के सामने पेश होने के लिए हमेशा तैयार हैं। अभिनेता ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें कानून पर पूरा विश्वास है और वे कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं।
गौरतलब है कि चेक बाउंस से जुड़े इस मामले में अदालत से अंतरिम राहत मिलने के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी। फिलहाल मामले की सुनवाई आगे जारी रहेगी।




