ब्रेकिंग न्यूज

रिश्वत की डील ASI ने की, रकम मिली चौकी प्रभारी के पास: कोरिया में ACB की बड़ी कार्रवाई, बचरापोड़ी चौकी प्रभारी 25 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ASI भी दबोचा गया


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की सरगुजा टीम ने कोरिया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बचरापोड़ी पुलिस चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ और सहायक उपनिरीक्षक (ASI) गुरु प्रसाद यादव को रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार किया है।
एसीबी के प्रेस नोट के अनुसार, चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्रवाई के कुछ ही देर बाद पूर्व में चौकी में पदस्थ रहे एएसआई गुरु प्रसाद यादव को भी उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले 50 हजार की मांग, फिर 25 हजार पर बुलाया
जानकारी के मुताबिक, 21 फरवरी को एएसआई गुरु प्रसाद ने एक मर्ग प्रकरण में कार्रवाई प्रभावित करने के नाम पर 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसी बीच उनका तबादला हो गया।
इसके बाद 23 फरवरी को चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने शिकायतकर्ता को फोन कर 24 फरवरी को 25 हजार रुपए लेकर चौकी में बुलाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता जब रकम लेकर पहुंचा, तभी एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए अब्दुल मुनाफ को गिरफ्तार कर लिया।
कुछ समय बाद एसीबी ने एएसआई गुरु प्रसाद यादव को भी उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
मर्ग जांच के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
मामला बचरापोड़ी निवासी सत्येंद्र कुमार प्रजापति से जुड़ा है। उनके घर निर्माण कार्य के दौरान मजदूर मोहित घसिया ईंट बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया था, जिसमें मजदूर के बेटे की डूबने से मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद दर्ज मर्ग प्रकरण की जांच के दौरान एएसआई गुरु प्रसाद ने कथित रूप से सत्येंद्र कुमार प्रजापति से 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद सरगुजा टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाकर दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button