ब्रेकिंग न्यूज


मसंद सेवाश्रम का आह्वान: हर मुहल्ले में स्थापित हों ‘रोज़ गीतापाठ व लोकसेवा केंद्र’सिंधी समाज की अग्रणी विभूतियां जुड़ेंगी अभियान से, कई पंचायतों ने दिखाई रुचि


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मसंद सेवाश्रम द्वारा सिंधी पंचायतों एवं समाजसेवी संस्थाओं से प्रत्येक मुहल्ले में ‘रोज़ गीतापाठ एवं लोकसेवा केंद्र’ स्थापित करने का आह्वान किया गया है। सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसंद ने यह आह्वान 22 फरवरी को रायपुर स्थित सिंधु पैलेस में आयोजित आमसभा के दौरान किया।
उन्होंने कहा कि श्रीमद् भगवद्गीता जीवन के मूलभूत प्रश्नों का समाधान प्रस्तुत करती है और निष्काम कर्म का संदेश देती है। वर्तमान समय में जब स्वार्थ की प्रवृत्ति समाज में बढ़ रही है, ऐसे में गीता का संदेश देश और समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गीता केवल सनातन वैदिक परंपरा का आधार ग्रंथ ही नहीं, बल्कि विश्व की अनेक संस्कृतियों को भी प्रभावित करने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है।
साईं मसंद साहब ने सिंधी पंचायतों से अपील की कि लोकसेवा केंद्रों के माध्यम से केंद्र, राज्य एवं नगर निगम की स्वीकृत योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि यह मुहिम जहां वास्तविक विकास को गति देगी, वहीं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाकर भ्रष्टाचार में कमी लाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
विभूतियों का सम्मान, सहयोग का संकल्प
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ख्यातिनाम संस्था बढ़ते कदम, प्रसिद्ध रेडियो संग्रहकर्ता मनोहर डेंगवाणी, उपन्यासकार शिव ग्वालाणी, कवि राजकुमार मसंद, समाजसेविका मधुबहादुर सिंह आर्तवाणी, सिंधु यूथ समाचार चैनल के प्रधान संपादक देवानंद शर्मा एवं पत्रकार डिम्पल शर्मा, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवाणी, राम मंदिर रायपुर ट्रस्ट के ट्रस्टी झामनदास बजाज तथा समाजसेवी महेश आशपालिया सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का उनके-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान किया गया। सभी ने अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।
पारंपरिक विधि से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, सिंधी समाज की कुलदेवी हिंगलाज माता, कुलदेवता भगवान झूलेलाल एवं आदि शंकराचार्य के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। प्रसिद्ध भजन गायिका साक्षी बजाज ने पारंपरिक आरती एवं ‘पल्लव’ प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन संत कंवराराम सेवा संकल्प संस्था के प्रमुख अमित जीवन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर की कई मुहल्ला सिंधी पंचायतों ने अपने-अपने क्षेत्रों में गीतापाठ एवं लोकसेवा केंद्र प्रारंभ करने में रुचि व्यक्त की।
अंत में साईं मसंद साहब ने स्वागत समिति के अध्यक्ष महेश दरयाणी, सहअध्यक्ष अमरलाल गिदवाणी, संयोजक भरत बजाज, समाजसेवी चेतन तारवाणी, शंकरनगर-शांतिनगर सिंधी पंचायत तथा सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
(जारी)

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button