ब्रेकिंग न्यूज

वित्त मंत्री के नाम पर ‘डबल मुनाफा’ का झांसा: रायपुर में 6 लाख की ऑनलाइन ठगी, फेसबुक वीडियो से शुरू हुआ खेल


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग और दोगुने मुनाफे का लालच देकर 6 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जालसाजों ने सोशल मीडिया पर देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम का दुरुपयोग कर फर्जी निवेश स्कीम चलाई और एक कारोबारी को अपने जाल में फंसा लिया। टिकरापारा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल के साथ जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक वीडियो से बिछा जाल
छत्तीसगढ़ नगर निवासी 55 वर्षीय पुखराज साहू (मार्बल आर्ट गैलरी संचालक) ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2025 में उन्होंने Facebook पर एक वीडियो देखा। वीडियो में वित्त मंत्री के नाम का हवाला देते हुए बेरोजगारों को प्रतिदिन 1-2 हजार रुपये कमाने का दावा किया जा रहा था। रजिस्ट्रेशन करते ही अनीष माथुर नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और निवेश के नाम पर रकम ऐंठनी शुरू कर दी।
किश्तों में ऐंठे 6 लाख रुपये
शुरुआत में 21 हजार रुपये निवेश के तौर पर जमा कराए गए। इसके बाद WhatsApp पर क्यूआर कोड भेजकर अलग-अलग किश्तों में 1.50 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। जालसाजों ने शेयर मार्केट और सोने के बढ़ते दामों का हवाला देकर 4.50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से अपने खाते में डलवा लिए।
जब रकम लौटाने की बात आई, तो आरोपियों ने और निवेश का दबाव बनाना शुरू किया। लगातार टालमटोल से पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस की शरण ली।
साइबर जांच तेज
पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री को ट्रैक करना शुरू कर दिया है। साइबर एक्सपर्ट्स उस फेसबुक लिंक और वीडियो की भी जांच कर रहे हैं, जिसके जरिए फर्जी स्कीम का प्रचार किया जा रहा था।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले निवेश ऑफर की सत्यता की जांच करें और अपनी बैंकिंग या वित्तीय जानकारी साझा करने से बचें।
“तेजी से मुनाफा कमाने का लालच अक्सर ठगी का जाल होता है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button