छत्तीसगढरायपुर

डीएमएफ घोटाला: ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, सतपाल सिंह छाबड़ा गिरफ्तार; 25 फरवरी तक पुलिस रिमांड


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो–आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ACB–EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सतपाल सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड अवधि 25 फरवरी तक प्रभावी रहेगी।
जांच एजेंसी के अनुसार, डीएमएफ फंड से संचालित कृषि अनुदान से जुड़े कार्यों की जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज और साक्ष्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया गया, जिससे शासन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने कथित सिंडिकेट के साथ मिलकर योजनाओं में वित्तीय अनियमितताएं कीं। इस सिंडिकेट में कुछ शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि आपराधिक षड्यंत्र के तहत करोड़ों रुपये की अवैध कमीशन राशि नकद और रिश्तेदारों के बैंक खातों के माध्यम से प्राप्त की गई।
जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन, बैंकिंग ट्रेल, डिजिटल साक्ष्य और संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल की गई, जिससे आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण मिलने का दावा किया गया है। विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए ACB–EOW ने 19 फरवरी को सतपाल सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
अभियोजन पक्ष की दलीलों और केस डायरी में दर्ज तथ्यों को देखते हुए अदालत ने आरोपी को 25 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड अवधि के दौरान फंड के उपयोग, कथित कमीशन की प्रकृति और लेन-देन की श्रृंखला से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जाएगी।
जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और वित्तीय नेटवर्क की भी पड़ताल जारी है। डिजिटल डिवाइस और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
डीएमएफ घोटाले को लेकर पहले से ही प्रदेश में व्यापक चर्चा है। ऐसे में ACB–EOW की यह ताजा कार्रवाई जांच को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। एजेंसी ने भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित जांच जारी रखने की बात कही है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button