बिलासपुर

*सौतेले पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी को किया प्रेगनेंट, गर्भवती होने पर खुला राज*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। सौतेले पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी से शारीरिक संबंध बनाया। इससे बेटी गर्भवती हो गई। हास्टल में खेलते वक्त उसे पेट में दर्द हुआ। जांच में पता चला कि नाबालिग आठ महीने की गर्भवती है। पूछताछ में पूरे मामले की जानकारी होने पर इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई।

इसकी जांच के बाद बिल्हा पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि नाबालिग लड़की दूसरे जिले के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। छात्रा को खेल के दौरान पेट में तेज दर्द हुआ। तब उसे हॉस्टल के कर्मचारी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग आठ महीने की गर्भवती है। इसके बाद नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में नाबालिग ने बेटे को जन्म दिया।

पूछताछ के दौरान हुआ खुलासा

इसकी जानकारी होने पर महिला पुलिस अधिकारी ने नाबालिग से पूछताछ की। तब उसने बताया कि उसके सौतेले पिता ने ही उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया था। इस पर पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज कर बिल्हा थाने भेज दिया। पूरा मामला बिल्हा क्षेत्र का होने के कारण यहां जुर्म दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

इस बीच आरोपी पुलिस से बचने लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। रविवार को पुलिस ने आरोपी को शिवरीनारायण से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से बचने मेले में मांग रहा था भीख

घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हा पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इधर पुलिस कार्रवाई की भनक आरोपी को भी हो गई थी। इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वहीं, पुलिस भी आरोपी के तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर भीख मांग रहा है। इस पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। इसी बीच पता चला कि आरोपी शिवरीनारायण मेले में भेष बदलकर भीख मांग रहा है। पुलिस की टीम ने मेले में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button