रिटायर्ड IPS कमलोचन कश्यप को संविदा नियुक्ति, पुलिस मुख्यालय में OSD बनाए गए

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ शासन ने सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी कमलोचन कश्यप को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कमलोचन कश्यप को पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़, रायपुर में OSD (विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी) के पद पर संविदा नियुक्ति प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि कमलोचन कश्यप हाल ही में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए शासन ने उन्हें पुनः सेवा में लेते हुए यह दायित्व सौंपा है।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के नियम 4(4) के अंतर्गत की गई है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कमलोचन कश्यप की संविदा नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष की अवधि अथवा अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी।
संविदा सेवा से संबंधित शर्तें पृथक से जारी की जाएंगी। शासन के इस निर्णय को पुलिस प्रशासन में अनुभव का लाभ उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





