ब्रेकिंग न्यूज

पेंड्रा में 21 नवंबर से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ! डिपार्टमेंट प्रीमियर लीग सीजन-3 का होगा आगाज, 8 टीमों के बीच भिड़ंत; विजेता को मिलेंगे 61 हजार रुपये

23 से अधिक विभागों के 112 खिलाड़ियों का लाइव ऑक्शन से हुआ चयन, सवा लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि के साथ आईपीएल की तर्ज पर होगा आयोजन; कलेक्टर, एसपी, डीएफओ और जिला पंचायत सीईओ भी अपनी-अपनी टीमों के सुपर आइकॉन बनकर बढ़ाएंगे खिलाड़ियों का उत्साह

पेंड्रा(छत्तीसगढ़ उजाला)-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खेल, रोमांच और आपसी सौहार्द का अनूठा संगम एक बार फिर देखने को मिलने जा रहा है। शिक्षक मैत्री समूह जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के तत्वावधान में आयोजित बहुप्रतीक्षित **डिपार्टमेंट प्रीमियर लीग (DPL) सीजन-3** का आगाज 21 नवंबर 2026 से पेंड्रा स्थित फिजिकल कॉलेज मैदान में होने जा रहा है। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में जिले के 23 से अधिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें खिताब के लिए अपना दमखम दिखाएंगी। इस बार खिलाड़ियों के लिए सवा लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि के साथ आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

लाइव ऑक्शन से बनीं आठ दमदार टीमें

DPL सीजन-3 की खास बात यह है कि प्रतियोगिता में शामिल 112 पंजीकृत खिलाड़ियों का चयन बाकायदा लाइव ऑक्शन के माध्यम से किया गया है। अलग-अलग टीम ऑनर्स ने खिलाड़ियों पर बोली लगाकर अपनी-अपनी संतुलित टीमें तैयार की हैं। जिले की पहचान, सीमावर्ती क्षेत्रों की नदियों, शासकीय योजनाओं और पर्यटन स्थलों के नाम पर आठ टीमों के नाम रखे गए हैं।

इनमें सोन सनराइजर्स सिवनी, VBGRAM पतगवा, बिहान राइजर्स, बस्ती बगरा ब्लास्टर्स, अरपा एवेंजर्स, नवागांव फाइटर्स, गुरुकुल वॉरियर्स और मैकल माउंटेन शामिल हैं। आठ टीमों के बीच दो पूल में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में कुल 15 रोमांचक मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के जरिए विजेता का फैसला होगा।

कलेक्टर से लेकर एसपी और डीएफओ तक बनेंगे टीमों के सुपर आइकॉन

इस बार प्रतियोगिता को और खास बनाने के लिए जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी अलग-अलग टीमों के साथ जोड़ा गया है। ये अधिकारी अपनी टीमों के सुपर आइकॉन के रूप में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आएंगे।

टीमों के साथ जुड़ने वाले प्रमुख अधिकारियों में कलेक्टर विजय दयाराम के गुरुकुल वॉरियर्स, पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी अरपा एवेंजर्स, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत VBGRAM पतगवा, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे बिहान राइजर्स, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सोन सनराइजर्स सिवनी, अनुविभागीय अधिकारी विक्रांत अंचल मैकल माउंटेन, डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र सिरमौर नवागांव फाइटर्स तथा जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी बस्ती बगरा ब्लास्टर्स के साथ रहेंगे।

प्रशासनिक अधिकारियों की इस सहभागिता से प्रतियोगिता में खेल भावना, विभागीय एकजुटता और आपसी समन्वय को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विजेता को 61 हजार, उपविजेता को 41 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपये

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 61 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

ऑरेंज कैप, पर्पल कैप, फेयर प्ले अवार्ड, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज जैसे पुरस्कारों के साथ विजेताओं को आकर्षक ट्रॉफियां भी प्रदान की जाएंगी।

कैमरों से लैस होगा मैदान, लाइव प्रसारण के साथ मिलेगा स्टेडियम जैसा माहौल

DPL के तीसरे सीजन को यादगार बनाने के लिए आयोजन समिति व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मैदान को कैमरों से कवर किया जा रहा है, ताकि मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जा सके। सभी खिलाड़ियों को विशेष टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन समिति का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर होने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों और दर्शकों को स्टेडियम जैसा माहौल मिल सके।

इस बार प्रतियोगिता में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए रील प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इतना ही नहीं, दर्शकों को भी आयोजन का हिस्सा बनाने के लिए बेस्ट दर्शक पुरस्कार और मैदान के बाहर कैच पकड़ने वाले दर्शकों के लिए गिफ्ट एवं कैश प्राइज की व्यवस्था की गई है।

क्रिकेट के साथ सरकारी योजनाओं और जनजागरूकता का संदेश भी बनेगा आयोजन का उद्देश्य

डिपार्टमेंट प्रीमियर लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना ही नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से आम नागरिकों तक शासन की विभिन्न योजनाओं और जनजागरूकता से जुड़े संदेशों को पहुंचाना भी है।

आयोजन के दौरान मताधिकार के प्रयोग, नशामुक्त भारत अभियान, जनगणना, स्वस्थ-स्वच्छ एवं सुंदर जिला जीपीएम, वनों को आग से बचाने, यातायात नियमों के पालन, शिक्षा के अधिकार, हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पीएम सूर्य घर योजना, साइबर अपराध से बचाव तथा बिहान लखपति योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

21 नवंबर को सुबह 11 बजे उद्घाटन समारोह, आयोजन समिति ने किया आमंत्रित

शिक्षक मैत्री समूह ने जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, खेलप्रेमियों, पत्रकार बंधुओं, अधिकारी-कर्मचारियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और जिलेवासियों को प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

21 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे पेंड्रा के फिजिकल कॉलेज मैदान में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। आयोजन समिति ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और क्रिकेट के इस रोमांचक आयोजन का आनंद लें।

DPL सीजन-3 के जरिए एक बार फिर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपनी व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों से इतर खेल के मैदान पर टीम भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करेंगे।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button