ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षक दिवस पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान

शाल एवं श्रीफल भेंट कर दीर्घकालीन शैक्षणिक सेवाओं के प्रति जताई कृतज्ञता

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-शिक्षक दिवस के अवसर पर गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और दीर्घकालीन सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाइट) पेंड्रा में आयोजित गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने जिले के 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों के दीर्घकालीन, समर्पित एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके द्वारा समाज और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। समारोह में गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली विरासत और शिक्षा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण किया गया।

“मैं आज जहां भी हूं, अपने शिक्षकों और गुरुजनों के कारण हूं” — कलेक्टर

मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक का योगदान व्यक्ति के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा, “मैं आज जहां भी हूं, अपने शिक्षकों और गुरुजनों के कारण हूं।”

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले व्यक्ति नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और जीवन मूल्यों को दिशा देने वाले होते हैं। शिक्षक ही समाज और राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं।

उन्होंने कहा कि आज सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के दौरान अनेक पीढ़ियों को ज्ञान, अनुशासन और संस्कार प्रदान किए हैं। भले ही वे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हों, लेकिन उनका अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्य आज भी समाज एवं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

कलेक्टर ने सभी सम्मानित शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने स्वागत संबोधन में समारोह में उपस्थित सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का योगदान केवल विद्यालयों और कक्षाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके सेवाकाल ने जिले की शैक्षणिक प्रगति और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज निर्माण में शिक्षक की भूमिका सदैव सर्वोपरि रही है।

समारोह के अंत में डाइट पेंड्रा की प्राचार्य श्रीमती अल्का शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य अतिथि कलेक्टर, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह चौहान, बीईओ पेंड्रा आर.एन. चंद्रा, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, उल्लास के नोडल अधिकारी मुकेश कोरी एवं आलोक शुक्ला, बालमुकुंद अग्रवाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह उन शिक्षकों के प्रति जिले की कृतज्ञता का प्रतीक बना, जिन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में शिक्षा की अलख जगाते हुए अनेक पीढ़ियों के भविष्य को दिशा दी।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button