ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन में जीपीएम के आलोक शुक्ला को बड़ी जिम्मेदारी, बने संगठन सचिव; रायपुर संभाग का भी मिला प्रभार

प्रदेश स्तर पर अहम दायित्व मिलने से जीपीएम के शिक्षकों में खुशी, तीन वर्षों तक जिला अध्यक्ष के रूप में निभा चुके हैं जिम्मेदारी।

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के शिक्षक आलोक शुक्ला को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार श्री शुक्ला को प्रांतीय संगठन सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें रायपुर संभाग का प्रभारी भी बनाया गया है।

आलोक शुक्ला वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गौरेला में शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। इससे पहले वे छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला अध्यक्ष के रूप में लगातार तीन वर्षों तक संगठन का सफल नेतृत्व कर चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।

फेडरेशन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति संगठन के संविधान के नियम-33 तथा 18 अप्रैल 2025 को आयोजित आमसभा में लिए गए निर्णय के आधार पर की गई है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि श्री शुक्ला के नेतृत्व में रायपुर संभाग में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।

जीपीएम जिले के किसी शिक्षक को प्रदेश स्तर पर संगठन सचिव और रायपुर संभाग प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर जिले के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। विभागीय अधिकारियों, शिक्षक साथियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने आलोक शुक्ला को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button