दुर्ग के चर्चित अफीम कांड में 143 दिन बाद चार्जशीट दाखिल, 8 आरोपी नामजद; 79 गवाह, दो इनामी आरोपी अब भी फरार
5.609 एकड़ में मक्के की फसल के बीच उगाई गई थी अफीम, 14.30 लाख पौधे और 66.33 किलो अफीम डोडा बरामद; 939 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में पेश
रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आए प्रदेश के सबसे बड़े अवैध अफीम खेती मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 143 दिन बाद अदालत में 939 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस बहुचर्चित मामले में आठ आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। दोनों फरार आरोपियों पर पुलिस ने पहले से तीन-तीन हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस ने विकास विश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष ठाकुर, छोटूराम, रणछोड़ राम, सुनील देवासी, मदरूपा राम और सूखाराम को आरोपी बनाया है। वहीं अचल राम और श्रवण विश्नोई की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है। उनकी तलाश लगातार जारी है।
79 गवाहों के दम पर तैयार हुई चार्जशीट
पुलिस ने इस मामले में 79 गवाहों को शामिल किया है, जिनमें 14 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके अलावा नारकोटिक्स विभाग, एफएसएल विशेषज्ञों और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी गवाह बनाया गया है। वैज्ञानिक रिपोर्ट, जब्ती पंचनामा, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य प्रमाणों के आधार पर 939 पन्नों का चालान तैयार किया गया है
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम, अफीम के बीज, खेती में उपयोग होने वाले उपकरण, हिसाब-किताब के रजिस्टर, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, ट्रैक्टर, जेसीबी, हार्वेस्टर, मोटरसाइकिल, स्प्रिंकलर और सीसीटीवी कैमरे सहित कई सामान जब्त किए थे। खेत के पास से 66.33 किलोग्राम अफीम डोडा भी बरामद किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कई स्थानों पर छापेमारी की। पूछताछ में अफीम की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मार्च 2026 में सूचना मिलने पर पीएचक्यू, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), एफएसएल और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी। 7 मार्च को जांच के दौरान 5.609 एकड़ भूमि पर मक्के की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती होने की पुष्टि हुई। पूरी फसल को जब्त कर लिया गया।
14.30 लाख पौधे मिले, प्रदेश का सबसे बड़ा मामला
कार्रवाई के दौरान खेत से करीब 14,30,100 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिनका अनुमानित वजन करीब 62 हजार किलोग्राम बताया गया। इसे छत्तीसगढ़ में अब तक सामने आए सबसे बड़े अवैध अफीम खेती के मामलों में से एक माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि चार्जशीट वैज्ञानिक साक्ष्यों, दस्तावेजी प्रमाणों और गवाहों के बयानों के आधार पर तैयार की गई है। अब अदालत में अभियोजन पक्ष इन सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाएगा। वहीं फरार दोनों आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।




