दिल्ली में पहली बार सजेगा प्रो बॉक्सिंग लीग का महामंच, 6 जुलाई से तालकटोरा स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले

मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता करेंगे उद्घाटन, देशभर के 32 मुक्केबाज दिखाएंगे दम
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पहली बार प्रोफेशनल बॉक्सिंग का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 6 जुलाई से तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में शुरू होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग (PBL) की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आयोजन से पहले स्टेडियम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन समिति, खेल अधिकारियों और विभिन्न साझेदार संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि भारत में बॉक्सिंग को नई पहचान दिलाना और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल बॉक्सिंग के मजबूत ढांचे से खिलाड़ियों को आर्थिक अवसर मिलने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी मिलेगा, जिससे भविष्य में भारत के ओलंपिक पदक अभियान को मजबूती मिलेगी।
बैठक में मौजूद दिल्ली के विधायक अशोक गोयल देवरहा ने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन राजधानी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देंगे और युवाओं में बॉक्सिंग के प्रति नई रुचि पैदा करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग देश में प्रोफेशनल बॉक्सिंग के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
आयोजन समिति के सदस्य शशिकांत ने बताया कि लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए देश की अग्रणी संस्थाओं को आयोजन से जोड़ा गया है। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण JioHotstar पर किया जाएगा, जबकि दर्शक BookMyShow के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव देने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
6 जुलाई से शुरू होने वाली इस लीग में देश के प्रमुख मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में चार टीमों के कुल 32 खिलाड़ी रिंग में उतरेंगे और कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आयोजन समिति के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय बॉक्सिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और युवाओं को इस खेल से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
वहीं, आयोजन के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व महापौर जयप्रकाश ने कहा कि लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी संबंधित संस्थाएं और आयोजन समिति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। उनका कहना है कि यह आयोजन भविष्य में भारत में विश्वस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं की मजबूत नींव रखेगा।
शाम 6:45 बजे होगा भव्य उद्घाटन
प्रो बॉक्सिंग लीग का उद्घाटन समारोह 6 जुलाई को शाम 6:45 बजे तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता होंगे। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आर. एस. गोस्वामी ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन को भव्य और सफल बनाने की अपील की।




