ब्रेकिंग न्यूज

मेकाहारा में मरीजों के परिजनों को अब मिलेगा सालभर निःशुल्क भोजन, स्वास्थ्य मंत्री ने किया 365 दिवसीय अन्न सेवा अभियान का शुभारंभ

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में मरीजों के परिजनों के लिए राहत भरी पहल की शुरुआत हुई है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को 365 दिवसीय निःशुल्क अन्न सेवा अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को पूरे वर्ष प्रतिदिन स्वच्छ, पौष्टिक और सम्मानपूर्वक निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

यह सेवा रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज़ की पहल, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी के सहयोग तथा रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन के समर्थन से शुरू की गई है। अभियान का संचालन एवं दैनिक व्यवस्थापन सामाजिक संस्था कुछ फ़र्ज़ हमारा भी (KFHB) द्वारा किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि सरकार के साथ समाजसेवी संस्थाओं की भागीदारी से ऐसे जनहितकारी कार्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।

8 वर्षों से जारी है सेवा का संकल्प

कुछ फ़र्ज़ हमारा भी (KFHB) संस्था पिछले आठ वर्षों से रायपुर के विभिन्न शासकीय अस्पतालों, विशेष रूप से डीकेएस अस्पताल, में प्रतिदिन हजारों मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करा रही है। इसी सेवा अनुभव को आगे बढ़ाते हुए अब मेकाहारा अस्पताल में भी वर्षभर चलने वाली अन्न सेवा शुरू की गई है।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष नितिन सिंह राजपूत ने बताया कि यह सेवा बिना किसी अवकाश के पूरे 365 दिन निरंतर संचालित की जाएगी। उनका कहना है कि संस्था का उद्देश्य केवल भोजन कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों तक सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश पहुंचाना भी है।

रोटरी परिवार ने किया भोजन वितरण

कार्यक्रम में रोटरी परिवार के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी और अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने स्वयं भोजन वितरण में भाग लेकर रोटरी के मूल मंत्र “Service Above Self” (स्वयं से ऊपर सेवा) को साकार किया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रवक्ता कैलाश अग्रवाल ने सभी सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों, दानदाताओं और समाज के सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

“मानव सेवा ही सर्वोत्तम सेवा है” के संदेश के साथ शुरू हुआ यह अभियान जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत और सामाजिक सहयोग का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button