*तीन राज्यों में बिलासपुर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन; बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार का कत्ल कर भागे 3 आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। सरकंडा क्षेत्र के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद फरार हुए चार आरोपित में से एक विशाल चौबे को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अंकित सिंह को बेंगलुरु से पकड़ा गया है। इससे पहले पुलिस ने एक अन्य आरोपित दिनेश राठिया को प्रयागराज से हिरासत में लिया था। मामले में अब भी एक आरोपित फरार हैं, जिसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में पुलिस टीमों को रवाना किया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार की जा रही निगरानी के आधार पर विशाल चौबे को पटना और अंकित को बेंगलुरु से पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि फरार एक अन्य आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरा पर्दाफाश किया जाएगा।
गौरतलब है कि 11 और 12 जुलाई की दरमियानी रात बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के स्वजन ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई तथा मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, ताकि वे शोर न मचा सकें।
स्वजन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार बंदियों ने मिलकर अंजाम दिया। हत्या के बाद चारों मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद पूरे प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया था। आरोपित की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर फरार आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। साथ ही हत्या के पीछे की पूरी साजिश, वारदात की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को भी जोड़ा जा रहा है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।



