महादेव ऐप केस में बड़ा मोड़: दिल्ली से गिरफ्तार विकास गर्ग रायपुर कोर्ट में पेश, ED ने मांगी 14 दिन की रिमांड
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े बहुचर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज करते हुए गिरफ्तार आरोपी विकास गर्ग को रायपुर की विशेष ईडी अदालत में पेश किया। एजेंसी ने कोर्ट से आरोपी को 14 दिनों की रिमांड पर सौंपने का अनुरोध किया है, ताकि मामले में उससे गहन पूछताछ की जा सके और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की अन्य कड़ियों का खुलासा किया जा सके।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी की टीम उसे देर रात रायपुर लेकर पहुंची और गुरुवार को विशेष ईडी कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी का कहना है कि विकास गर्ग से पूछताछ के दौरान महादेव ऐप से जुड़े अवैध वित्तीय लेन-देन, हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। इसी वजह से कोर्ट से 14 दिन की रिमांड की मांग की गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में ईडी ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं। एजेंसी लगातार इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े लोगों, कंपनियों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
अब सभी की नजरें विशेष ईडी कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जहां रिमांड आवेदन पर सुनवाई के बाद यह तय होगा कि विकास गर्ग को पूछताछ के लिए ईडी की हिरासत में भेजा जाएगा या नहीं। यह कार्रवाई महादेव बेटिंग ऐप मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।



