*सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूट और गोली मारकर हत्या के मामले में मैसेज में हत्या की जवाबदारी लेने वाला गिरफ्तार, बोला-माफ कर दीजिए मैंने कुछ नहीं किया*
छत्तीसगढ़ उजाला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़ उजाला)। कोटमी साप्ताहिक बाजार में 26 मई को सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूट और गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले आरोपी को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रियांशु सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है।हालांकि आरोपी से पूछताछ व जांच में अब तक इस हत्याकांड से कोई भी तार नहीं जुड़े हैं फिलहाल पुलिस आरोपी से बारीकी से पूछताछ कर रही है।
दरअसल, 26 मई को कोटमी के साप्ताहिक बाजार में पेंड्रा के सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की लूट व गोली मारकर हत्या के बाद उनके भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश आया था, जिसमें लिखा था, “प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या मैंने की है, इसलिए जो उखाड़ना है उखाड़ लेना।” संदेश मिलने के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया। मनोज सोनी ने तत्काल पेंड्रा थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की लोकेशन अंबिकापुर में मिलने पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी प्रियांशु सिंह ने व्हाट्सएप संदेश भेजने की बात स्वीकार की। हालांकि अब तक की जांच में सराफा व्यापारी लूट और हत्याकांड से उसका कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी द्वारा केवल सनसनी फैलाने और खुद को घटना से जोड़कर पेश करने के उद्देश्य से यह संदेश भेजा गया था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी भी जांच की जा रही है।
पेंड्रा थाना में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी हत्याकांड की मुख्य जांच लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है और वास्तविक आरोपियों जो अभी भी फरार है उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीम संबंधित के ठिकानों में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पढ़ाई करने वाला छात्र है और शोषल मीडिया में काफी एक्टिव रहता है और मृतक के भाई का नंबर भी उसके द्वारा शोषल साइड से निकाला गया और मैसेज करा गया था।



