जी. पी. एम.खनिज विभाग एक्शन मोड में: अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 01 जेसीबी समेत 05 ट्रैक्टर ज़ब्त

कलेक्टर के सख्त निर्देश पर खनिज उड़नदस्ता दल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, खनिज माफियाओं में मचा हड़कंप
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़ उजाला)- जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान सिवनी, लखनघाट, चीचगोहना और गुल्लीडांड क्षेत्रों में रेत, मुरुम और गिट्टी का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर खनिज विभाग ने 01 जेसीबी सहित 05 ट्रैक्टर ज़ब्त किए। ज़ब्त वाहनों में 03 ट्रैक्टर रेत से भरे, 01 ट्रैक्टर गिट्टी तथा 01 ट्रैक्टर मुरुम परिवहन करते पकड़े गए।
खनिज विभाग ने सभी वाहनों को मरवाही एवं सिवनी थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, सतीश साहू तथा साहिब गनी (नगर सैनिक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खनिज अधिकारी जी.पी.एम. ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




