ब्रेकिंग न्यूज

दुर्गावाहिनी की 13 बहनों ने शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में लिया हिस्सा, जीपीएम लौटने पर हुआ भव्य स्वागत


पेंड्रा/जीपीएम(छत्तीसगढ़ उजाला)
विश्व हिंदू परिषद की युवा महिला इकाई दुर्गावाहिनी द्वारा बिलासपुर में आयोजित प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में हिस्सा लेकर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले की 13 बहनें सफलतापूर्वक वापस लौटीं। पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं मातृशक्ति के कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

स्टेशन से सभी बहनों को गौरवपूर्ण तरीके से पेंड्रा स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर लाया गया, जहां विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। विहिप, बजरंग दल और मातृशक्ति के पदाधिकारियों ने तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर बहनों का अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

प्रशिक्षण वर्ग से लौटी बहनों ने बताया कि बिलासपुर में आयोजित इस विशेष शिविर में उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने हेतु लाठी संचालन, जुडो-कराटे एवं आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। इसके साथ ही बौद्धिक विकास, राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक कार्यशैली और आपदा प्रबंधन का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों का आत्मरक्षा में निपुण होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटी ये बहनें जिले की अन्य बालिकाओं और महिलाओं को भी जागरूक, आत्मविश्वासी और साहसी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।

इस शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में श्वेता पुरी, नंदिनी प्रधान, शालिनी, रुबीना, नीलम पुरी, देवकी, कौशल्या, रोशनी सिंदराम, सिद्धि उपाध्याय, संध्या रजक, शीलू रजक, माधुरी एवं काजल ने सहभागिता की।

स्वागत कार्यक्रम में दुर्गावाहिनी की पूर्व जिला संयोजिका वैशाली पांडे, सरोज पवार, प्रिया त्रिवेदी, विभा तिवारी, रामीन, प्रकाश साहू, निखिल परिहार, बृजेश पुरी, उत्तम राय, रविन्द्र कुमार, दीपक विश्वकर्मा, शनि पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button