भाजपा 24×7 जनता के बीच रहने वाली पार्टी, कांग्रेस अब सिर्फ ‘पेपर टाइगर’: सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद Brijkmohan Agrawal ने संगठन की सक्रियता, जनता के विश्वास और कांग्रेस की कार्यशैली को लेकर तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनावी मौसम में सक्रिय होने वाली पार्टी नहीं, बल्कि वर्ष के 12 महीने और 24 घंटे जनता के बीच काम करने वाला संगठन है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो लगातार जमीन पर रहकर जनता के बीच काम करता है। उन्होंने कहा,
“भारतीय जनता पार्टी सालभर सक्रिय रहने वाली पार्टी है। इसका परिणाम देश ने बंगाल और असम जैसे राज्यों में देखा है। जनता भाजपा पर इसलिए भरोसा करती है क्योंकि हमारा एक-एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ मैदान में काम करता है।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस जैसी पार्टियाँ केवल “पेपर टाइगर” बनकर रह गई हैं। वे सिर्फ बयानबाजी करती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उनका कोई प्रभाव दिखाई नहीं देता। यही कारण है कि जनता लगातार उनसे दूरी बना रही है।
संगठन में बदलाव को बताया स्वाभाविक प्रक्रिया
प्रदेश संगठन में नई पीढ़ी को जिम्मेदारी मिलने और हालिया बदलावों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि परिवर्तन किसी भी जीवंत संगठन की पहचान होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-समय पर संगठन में बदलाव होना एक सामान्य और आवश्यक प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा,
“कोई भी व्यक्ति जीवनभर एक ही पद पर नहीं रहता। समय के साथ चेहरे बदलते हैं, यह प्रकृति का नियम है। पार्टी जहाँ जिस व्यक्ति की आवश्यकता महसूस करती है, उसे समय आने पर नई जिम्मेदारी भी देती है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता आधारित संस्कृति है, जहाँ हर कार्यकर्ता को अपनी क्षमता के अनुसार अवसर मिलता है और यही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है।



