ब्रेकिंग न्यूज

ICICI बैंक में 1.38 करोड़ का गोल्ड लोन घोटाला: ग्राहकों का सोना गायब, लॉकर में मिले नकली गहने, डिप्टी ब्रांच मैनेजर पति संग फरार


बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आईसीआईसीआई बैंक की मंगला शाखा में 1.38 करोड़ रुपए की बड़ी बैंकिंग हेराफेरी का मामला सामने आया है। इस मामले में बैंक की डिप्टी ब्रांच मैनेजर पर अपने पति और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सुनियोजित धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी दंपती ग्राहकों के गोल्ड लोन, एफडी और बैंक खातों में गड़बड़ी कर करोड़ों की रकम लेकर फरार हो गए हैं।


जानकारी के अनुसार, बैंक प्रबंधन को खातों में अनियमितताओं की आशंका होने पर जब गोल्ड लोन से जुड़े दस्तावेजों और लॉकर की जांच की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिन पाउच में ग्राहकों का असली सोना गिरवी रखा जाना था, उनमें नकली आभूषण मिले। इसके बाद पूरे बैंकिंग घोटाले का पर्दाफाश हुआ।


मामले की गंभीरता को देखते हुए शाखा प्रबंधक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने डिप्टी ब्रांच मैनेजर, उसके पति और अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मंगला की आईसीआईसीआई बैंक शाखा की है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ग्राहकों के फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 87.95 लाख रुपए के 14 अवैध ट्रांजेक्शन किए। इतना ही नहीं, एक महिला ग्राहक की एफडी पर बिना अनुमति ओवरड्राफ्ट लेकर उसकी 30 लाख रुपए की जमा राशि में से 28.29 लाख रुपए निकाल लिए गए।


पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कई ग्राहकों के फिक्स्ड डिपॉजिट और निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण वाउचर और रिकॉर्ड बैंक से गायब पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच करीब 1.38 करोड़ रुपए की हेराफेरी की गई।


बैंकिंग सेवा के नाम पर मोबाइल ऐप का लेती थी एक्सेस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला अधिकारी ग्राहकों के घर जाकर बैंकिंग सुविधा देने के बहाने उनके मोबाइल बैंकिंग ऐप का एक्सेस लेती थी। इसी माध्यम से खातों की जानकारी हासिल कर अवैध ट्रांजेक्शन को अंजाम दिया जाता था। आरोपी महिला और उसका पति, जो स्वयं बैंक कर्मचारी बताए जा रहे हैं, 22 सितंबर 2025 से फरार हैं।


थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button