
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-शहर की बढ़ती यातायात समस्याओं को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली, जिसमें सड़क चौड़ीकरण, रिंग रोड सर्विस लेन, ओवरब्रिज और एक्सप्रेस-वे जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सरोना-टाटीबंध से जोरा तक रिंग रोड के सर्विस रोड, शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण, जोरा-कचना-पिरदा और जोरा-कचना-मोवा रोड, शदाणी दरबार देवपुरी सहित 5 ग्रेड सेपरेटर, शंकर नगर क्षेत्र के मार्गों के विस्तार सहित शहर के प्रमुख यातायात सुधार कार्यों की समीक्षा की गई।
सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टाटीबंध-सरोना से जोरा तक रिंग रोड की सर्विस लाइन चौड़ीकरण का काम एक महीने के भीतर हर हाल में शुरू किया जाए।
National Highways Authority of India (NHAI) को एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए, जबकि Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited को बिजली खंभों और ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग चार चरणों में तत्काल शुरू करने को कहा गया।
इसके साथ ही नगर निगम और यातायात पुलिस को सर्विस रोड पर अवैध कब्जे और अनियंत्रित पार्किंग हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सीएसपीडीसीएल अधिकारियों को जोरा से भाठागांव चौक तक विद्युत खंभों और ट्रांसफार्मरों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं भाठागांव से सरोना तक पूर्व में तैयार एस्टीमेट को संशोधित कर जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया। इन कार्यों के लिए केंद्र सरकार से करीब 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
दशकों से लंबित शारदा चौक-तात्यापारा मार्ग चौड़ीकरण को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। सांसद ने नगर निगम कमिश्नर और लोक निर्माण विभाग को मुआवजा और अन्य प्रक्रियाओं पर जल्द रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
MR-41 एक्सप्रेस-वे फेज-2 (लाभांडी से कचना होते हुए मोवा) के निर्माण में तेजी लाने के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और नगर निगम को बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
इसके अलावा कोल्हान नाला पुल, महानदी पुल (टीला-हथखोज मार्ग), कचना-खम्हारडीह रेलवे ओवरब्रिज और प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के 92 बजटीय कार्यों की भी समीक्षा की गई और सभी प्रोजेक्ट्स में गति लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में NHAI, नगर निगम, यातायात पुलिस, सीएसपीडीसीएल और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




