सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: मरवाही में अवैध रेत भंडारण स्थल सील, 2 ट्रैक्टर जब्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए मरवाही में एक अवैध रेत भंडारण स्थल को सील कर दिया, वहीं अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर भी जब्त किए गए।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण की शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर विभाग ने 15 जुलाई 2026 को संबंधित भंडारणकर्ता को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कोई जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
इसके बाद छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम, 2009 के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही अवैध भंडारण स्थल को सील कर दिया गया।
इसी कार्रवाई के दौरान मरवाही क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए एक ट्रैक्टर को जब्त कर मरवाही थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया। वहीं पिपरिया से अवैध रेत परिवहन की सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक अन्य ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
खनिज विभाग ने बताया कि दोनों मामलों में खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संबंधित अवैध भंडारणकर्ता और परिवहनकर्ताओं से नियमानुसार अर्थदंड की राशि जमा कराने के बाद ही प्रकरण का निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू तथा साहिब गनी सहित विभागीय अमला शामिल रहा। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



