लखनऊ में गूंजा साहित्य का स्वर, नागपुर की मेघा अग्रवाल हुई सम्मानित

लखनऊ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां देशभर से आए कवि, कवयित्रियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर नागपुर, महाराष्ट्र की प्रतिभाशाली कवयित्री मेघा अग्रवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था की संस्थापक आरती दुबे (शुक्ला) और डॉ. प्रिया ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि नम्रता पाठक, कार्यक्रम अध्यक्ष सौदागर सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने मेघा अग्रवाल को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सम्मानित कर उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अंकुर पाठक द्वारा किया गया। इस साहित्यिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा के संस्थापक कवि संगम त्रिपाठी ने मेघा अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि वे हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और साहित्य, संस्कृति व भाषा को समृद्ध बनाने में निरंतर योगदान दे रही हैं।
यह सम्मान न केवल मेघा अग्रवाल के लिए, बल्कि पूरे साहित्यिक जगत के लिए गर्व का विषय है।




