लखनऊ में गूंजा काव्य का सुर: भव्य अंतर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन संपन्न, बाल कवयित्री मिहूं अग्रवाल नागपुर सम्मानित

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती साहित्य समिति द्वारा आयोजित भव्य अंतर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन 29 मार्च 2026 को लखनऊ में अत्यंत गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। देश-विदेश से आए प्रतिष्ठित कवियों, साहित्यकारों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस भव्य आयोजन में नागपुर की प्रतिभाशाली बाल कवयित्री मिहूं अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था की संस्थापिका डॉ. आरती दुबे (शुक्ला) एवं आयोजक डॉ. प्रिया ठाकुर द्वारा शाल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सौदागर सिंह (जनपद देवरिया) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की धर्मपत्नी नम्रता पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संत बलदेवआनंद जी महाराज (लंदन), महामंडलेश्वर महादेव बाबा जी महाराज, वरिष्ठ साहित्यकार इंजीनियर हरी प्रकाश गुप्ता (छत्तीसगढ़), सीआईएसएफ से जुड़े व वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक संजीव जी, सुप्रसिद्ध कवि एवं संगीतकार डॉ. ओम शर्मा ‘ओम’, गीतकार वंदना विशेष सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अंकुर पाठक द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हरियाणा सहित देशभर से आए कवि-कवयित्रियों और बाल प्रतिभाओं ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मिहूं अग्रवाल की माता मेघा अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने मिहूं की प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। कम उम्र में ही उनकी साहित्यिक उपलब्धियों ने नागपुर सहित पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, परिवारजनों एवं नागपुरवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने मिहूं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
वहीं प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा के संस्थापक त्रिपाठी ने भी बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में मिहूं अग्रवाल हिंदी साहित्य सृजन में प्रेरणादायक कार्य कर रही हैं और नई पीढ़ी के लिए एक उदाहरण बन रही हैं।




