संकेत साहित्य मंच में ‘गंगांजलि’ साझा काव्य संग्रह का भव्य लोकार्पण

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
संकेत साहित्य संस्था, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में दिनांक 06 फरवरी 2026 को एक गरिमामय काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस साहित्यिक संध्या में बिलासपुर के वरिष्ठ एवं नवोदित साहित्यकारों ने अपनी सशक्त रचनाओं से वातावरण को पूर्णतः साहित्यमय बना दिया। बसंत ऋतु की सौंदर्य छटा को कवियों ने गीत, ग़ज़ल और हास्य-व्यंग्य के माध्यम से अत्यंत सुंदर रूप में प्रस्तुत किया, जिससे गोष्ठी अत्यंत सार्थक और यादगार बन गई।
कार्यक्रम के विशेष अवसर पर ‘गंगांजलि’ साझा काव्य संग्रह का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस संग्रह के संपादक डॉ. अजय शुक्ल हैं। ‘गंगांजलि’ में देश के विभिन्न अंचलों से जुड़े प्रतिष्ठित रचनाकारों की भावपूर्ण रचनाएँ संकलित हैं, जिनमें
कवि संगम त्रिपाठी (हास्य-व्यंग्य, जबलपुर – मध्यप्रदेश),
कवि पंकज बुरहानपुरी (कवि-लेखक, बुरहानपुर),
कवि श्याम फतनपुरी (कवि-गीतकार, गोमती नगर – लखनऊ) तथा
डॉ. सोमनाथ शुक्ल (कवि-लेखक, प्रयागराज)
की रचनाएँ विशेष रूप से शामिल हैं। यह संग्रह भावनाओं, संवेदनाओं और विचारों का एक सशक्त काव्य-संगम प्रस्तुत करता है।
‘गंगांजलि’ साझा काव्य संग्रह का लोकार्पण वरिष्ठ कवि एवं ग़ज़लकार केवल कृष्ण पाठक, डॉ. शिवशरण श्रीवास्तव ‘अमल’, राकेश कुमार खरे, अंजनी कुमार तिवारी ‘सुधाकर’ तथा नरेंद्र कुमार शुक्ल ‘अविचल’ के करकमलों से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कवि संगम त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने संग्रह के लोकार्पण पर सभी रचनाकारों और संपादक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का समापन साहित्यिक सौहार्द और रचनात्मक ऊर्जा के साथ हुआ।




