
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती उजागर होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक साथ 58 पटवारियों का तबादला कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश पर की गई। जिन पटवारियों का तबादला किया गया है उनमें कई ऐसे भी हैं जो लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ थे।
खास बात यह है कि कुसमी तहसील के वे पटवारी भी सूची में शामिल हैं, जिनके क्षेत्र में अफीम की खेती पकड़ी गई थी।
5 एकड़ में उगाई गई थी अफीम
कुसमी तहसील के त्रिपुरी और खजुरी पंचायत में लगभग पांच एकड़ से अधिक क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब 6.75 करोड़ रुपये की अफीम जब्त की है।
इस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि झारखंड के तस्करों की तलाश जारी है।
दुर्ग जिले में इस मामले में निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार सहित छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सरकार सख्त, ड्रोन से हो रही निगरानी
प्रदेश में अलग-अलग जिलों में अफीम की खेती सामने आने के बाद सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। अवैध खेती पर नजर रखने के लिए अब खेतों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है, ताकि कहीं भी अवैध अफीम की खेती हो तो तुरंत कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर ने क्या कहा
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि जिले के सभी क्षेत्रों, खासकर सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजस्व, पुलिस, वन विभाग और पंचायत की संयुक्त टीम निजी और सरकारी जमीनों की जांच कर रही है, ताकि अवैध खेती को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पूरे प्रदेश में जांच अभियान
बलरामपुर और दुर्ग में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राजस्व विभाग ने प्रदेशभर में जांच तेज कर दी है।
प्रदेश के सभी जिलों में फार्महाउस और खेतों की ड्रोन से जांच शुरू की गई है और खेतों में उगाई जा रही फसलों का विस्तृत विवरण भी जुटाया जा रहा है।
बेमेतरा में भी कार्रवाई
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बेमेतरा जिले में भी छापेमारी की।
दुर्ग के ग्राम समोदा में गिरफ्तार आरोपी विकास विश्नोई से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बेमेतरा-सिमगा रोड स्थित रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में छापा मारा।
यहां से 304 ग्राम अफीम डोडा और 1.29 लाख रुपये नकद बरामद किए गए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।



