यूपीएससी में छत्तीसगढ़ का परचम: एमसीबी की दर्शना सिंह 283वीं रैंक से IPS के लिए चयनित, धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में छत्तीसगढ़ के दो अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि धमतरी जिले के डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक मिली है।
एमसीबी जिले के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है कि यहां की बेटी दर्शना सिंह देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित होने की दहलीज पर पहुंच गई हैं। दर्शना सिंह के पिता अरुण सिंह राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं।
दर्शना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ यूपीएससी की तैयारी की और आखिरकार अपने सपने को साकार कर दिखाया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे एमसीबी जिले में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वहीं धमतरी जिले के परसवानी गांव के निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने भी 623वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। खास बात यह है कि ध्रुव पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा में सफल होकर वर्तमान में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। अब यूपीएससी में सफलता के बाद उनका कद और भी बढ़ गया है।
दोनों अभ्यर्थियों की इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



