पुणे के विमाननगर में स्पा सेंटर पर छापा: घबराकर युवती ने लगाई छलांग, मौत; मैनेजर घायल

पुणे। शहर के विमाननगर इलाके में स्थित सिटी स्पेस इमारत के एक स्पा सेंटर पर पुलिस कार्रवाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस की रेड से घबराई एक युवती ने इमारत की खिड़की से छलांग लगा दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। वहीं स्पा सेंटर का मैनेजर भी कूदने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे विमाननगर पुलिस की टीम ने सिटी स्पेस बिल्डिंग में संचालित स्पा सेंटर पर छापा मारा। उस समय स्पा सेंटर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अंदर मौजूद युवती और मैनेजर घबरा गए और कथित रूप से खिड़की से छलांग लगा दी।
नीचे गिरने से युवती के सिर में गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मैनेजर के पैर में गंभीर फ्रैक्चर बताया जा रहा है और उसका उपचार जारी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद अन्य चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद पुलिस टीम करीब 20 मिनट तक मौके पर मौजूद रही।
हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घायल युवती और मैनेजर को तत्काल एंबुलेंस या पुलिस वाहन से अस्पताल नहीं ले जाया गया। उनका दावा है कि यदि समय पर इलाज मिलता तो युवती की जान बचाई जा सकती थी।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की गई।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्पा सेंटर में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और घटना के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।



