रायपुर में EOW का बड़ा एक्शन: कांग्रेस कार्यालय के अकाउंटेंट से लंबी पूछताछ, आबकारी घोटाले से जुड़े तार खंगाले जा रहे

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी में आज आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन स्थित कार्यालय के अकाउंटेंट शिशुपाल साहू को तलब कर लिया। उनसे घंटों तक पूछताछ की गई, जिसमें बीते तीन वर्षों के वित्तीय लेन-देन को लेकर गहन सवाल-जवाब हुए।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कथित आबकारी घोटाले और पार्टी फंड में जमा रकम की जांच से जुड़ी है। EOW अधिकारियों ने शिशुपाल साहू से बैंक खातों का पूरा विवरण मांगा है और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर अब फंड के स्रोत और उसके इस्तेमाल की बारीकी से जांच की जाएगी।
जांच एजेंसी का फोकस इस बात पर है कि पार्टी फंड में आई रकम का उपयोग किन-किन उद्देश्यों के लिए किया गया और कहीं इसमें वित्तीय अनियमितता या गड़बड़ी तो नहीं हुई। टीम हर पहलू को खंगाल रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने लाई जा सके।
इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का नाम भी सामने आया है। सूत्रों का दावा है कि वे पिछले कई वर्षों से फरार बताए जा रहे हैं। EOW अब उनकी भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है और उनसे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल जारी है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
EOW की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि जांच और तेज हो सकती है और अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
👉 फिलहाल मामला जांच के अधीन है, लेकिन यह कार्रवाई प्रदेश की राजनीति में बड़ा असर डाल सकती है।



