ब्रेकिंग न्यूज

यूरोपीय संसद में भारत–यूरोप सभ्यतागत संवाद “संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती” पर ऐतिहासिक आयोजन:छत्तीसगढ़ के पेशीराम जायसवाल करेंगे अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व


ब्रुसेल्स /नई दिल्ली /बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
भारत की सांस्कृतिक, लोकतांत्रिक और सामाजिक विचारधारा को वैश्विक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरटीआई प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक श्री पेशीराम जायसवाल (डड़सेना) को यूरोपीय संसद, ब्रुसेल्स में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में औपचारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ है।
यह आमंत्रण पोलैंड के यूरोपीय संसद सदस्य एवं विदेश मामलों की समिति (AFET) के सदस्य ग्रेज़ेगॉर्ज ब्राउन द्वारा प्रदान किया गया है, जो Polish Crown Confederation के अध्यक्ष भी हैं।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन: भारत–यूरोप सभ्यतागत संवाद
18 फरवरी 2026 को ब्रुसेल्स में आयोजित सम्मेलन
“A New Opening: Prospects for Economic and Cultural Exchange within the EU–Asia Civilizational Dialogue”
भारत और यूरोप के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग की नई संभावनाओं पर केंद्रित होगा।
इस सम्मेलन में पोलैंड की संसद (सेजम) के सदस्य, विभिन्न यूरोपीय संघ देशों के सांसद (MEPs) तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। श्री पेशीराम जायसवाल भारत और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी और Polish Crown Confederation के मध्य द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर औपचारिक चर्चा भी प्रस्तावित है।
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती का ऐतिहासिक आयोजन
इसी अवसर पर British Ravidassia Heritage Foundation के तत्वावधान में महान समाज सुधारक गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम भारत के समरसता, सामाजिक न्याय, समानता और मानवता के शाश्वत संदेश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में भारत से अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे, जिनमें प्रमुख हैं—
दुष्यंत गौतम – पूर्व राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी; अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ (मुख्य अतिथि)
रिनचेन लामो – पूर्व सदस्य, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग
राजेश बग्गा – पूर्व अध्यक्ष, अनुसूचित जाति आयोग, पंजाब
उदय सूद – सचिव, पाथवे ग्लोबल अलायंस एवं भाजपा नेता
इनकी उपस्थिति में गुरु रविदास जी के विचार—मानव समानता, श्रम की गरिमा और सामाजिक समरसता—को वैश्विक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री एवं विधायक का मार्गदर्शन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री पेशीराम जायसवाल को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर छत्तीसगढ़ की वैचारिक शक्ति और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने वाला है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
वहीं बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला ने भी बधाई देते हुए कहा कि संगठनात्मक निष्ठा, सामाजिक सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के कारण ही श्री जायसवाल को यह ऐतिहासिक अवसर प्राप्त हुआ है।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय अनुभव
उल्लेखनीय है कि श्री पेशीराम जायसवाल इससे पूर्व वर्ष 2017 एवं 2024 में रूस में आयोजित World Youth Festival में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इन आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने भारत की युवा शक्ति और सांस्कृतिक दृष्टिकोण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
भारत–यूरोप संबंधों को नई दिशा
यह आयोजन न केवल भारत–यूरोप संबंधों को नई ऊँचाई देगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सक्रिय भूमिका को भी वैश्विक मंच पर रेखांकित करेगा। श्री पेशीराम जायसवाल की सहभागिता भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और समावेशी विकास के संदेश को और अधिक सशक्त बनाएगी।
यह आमंत्रण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरते “विकसित भारत” और भारत की सशक्त सांस्कृतिक कूटनीति का प्रतीक माना जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button