बिलासपुर

*प्रशासन की लापरवाही, गाय और एक बछड़े की मौत हो जाने से गौसेवकों में भारी नाराजगी*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। सिरगिट्टी स्थित गौठान में एक गाय और एक बछड़े की मौत हो जाने से गौसेवकों में भारी नाराजगी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे गौसेवकों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गौठान में बीमार और कमजोर पशुओं के इलाज के लिए कोई स्थायी पशु चिकित्सक तैनात नहीं है, जिसके कारण लगातार पशुधन को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पशुओं के उपचार में गंभीर लापरवाही
गौसेवकों ने बताया कि गौठान में कई पशु बीमार अवस्था में हैं, लेकिन समय पर उपचार न मिलने से उनकी हालत बिगड़ती जा रही है। आज इलाज के अभाव में एक गाय और एक बछड़े की मौत हो गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर स्थिति के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है। गौसेवक सूरज सिंह ने बताया कि पहले भी निगम अधिकारियों से गौठान में पशुओं की उचित देखरेख और पशु चिकित्सक की व्यवस्था करने का निवेदन किया गया था। पर्याप्त देखभाल न होने के कारण पहले भी कई पशुओं की जान जा चुकी है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।

तत्काल पशु चिकित्सक की नियुक्ति की मांग

गौसेवकों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में किसी भी पशु की जान न जाए, इसके लिए सिरगिट्टी गौठान में तत्काल वैकल्पिक रूप से पशु चिकित्सक की नियुक्ति कराई जाए। साथ ही, पशुओं के लिए हरे चारे, स्वच्छ पानी और नियमित इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नगर निगम उचित सहयोग नहीं कर पाती है, तो गौसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। गौसेवकों ने निगम के साथ मिलकर गौठान में मौजूद पशुओं की पूरी देखभाल करने की इच्छा जताई है। इस दौरान अन्य गौसेवक भी उनके साथ मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button