छत्तीसगढरायपुर

जनादेश परब में दिखेगा केंद्रीय–राज्य नेतृत्व, जे.पी. नड्डा और सीएम साय करेंगे जनसभा को संबोधित


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 22 दिसंबर को जांजगीर में भव्य ‘जनादेश परब’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सरकार द्वारा बीते दो वर्षों में किए गए कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य के एकीकृत विकास के लिए लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी जनता के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।


जनादेश परब के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। जांजगीर के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा संबोधित करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।


कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े एवं विधायक ब्यास कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे


जनादेश परब के अवसर पर सुप्रसिद्ध लोक कलाकार एवं पद्मश्री अनुज शर्मा सहित अन्य कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे आयोजन को सांस्कृतिक रंग मिलेगा।कार्यक्रम स्थल पर पिछले दो वर्षों में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, मत्स्य पालन, सहकारिता सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।


प्रदर्शनी में पीएम सूर्यघर योजना, किसान सम्मान निधि, हितग्राही मूलक योजनाएं, आधुनिक कृषि तकनीक, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को मॉडल के माध्यम से समझाया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल और नवाचारी शिक्षा, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, पीएम एवं विद्या योजनाओं के जरिए “स्मार्ट स्कूल–सशक्त छात्र–उज्ज्वल भविष्य” की अवधारणा को प्रदर्शित किया जाएगा।


महिला सशक्तिकरण से जुड़ी महतारी वंदन योजना, सुपोषण अभियान, बाल कल्याण योजनाएं, सिंचाई एवं जल प्रबंधन, मत्स्य उत्पादन, रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी आमजन को दी जाएगी।
जनादेश परब छत्तीसगढ़ सरकार की दो वर्षों की निरंतर सेवा, सुशासन और विकास यात्रा की झलक प्रस्तुत करने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button