राजिम कुंभ कल्प 2026 की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त श्री कावरे ने ली उच्चस्तरीय बैठक

निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश, अधिकारियों के साथ मेला स्थल का किया निरीक्षण
गरियाबंद, 17 दिसम्बर 2025(छत्तीसगढ़ उजाला)
राजिम कुंभ कल्प 2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर आज राजिम स्थित सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रायपुर संभाग आयुक्त श्री महादेव कावरे ने की। इस अवसर पर गरियाबंद कलेक्टर श्री बी.एस. उइके सहित रायपुर, धमतरी एवं गरियाबंद जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजिम कुंभ कल्प मेला को भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मुख्य मंच, विभागीय स्टॉल, दुकानें, मीना बाजार, फूड जोन, दाल-भात केंद्र, पार्किंग, हेलीपैड सहित सभी आवश्यक संरचनाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त श्री कावरे ने मेला आयोजन से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कलेक्टर श्री उइके ने जिले के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विशेष रूप से गंगा आरती स्थल से मेला स्थल तक नदी किनारे कनेक्टिंग रोड, सजावट एवं लाईटिंग, हाई-मास्ट लाईट, शौचालय, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, अग्निशमन व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल हेतु पाइपलाइन, बस स्टैंड से मेला स्थल तक निर्धारित शुल्क पर बस सेवा, साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त साधु-संतों के लिए कुटिया निर्माण हेतु वन विभाग द्वारा बांस-बल्ली, जलाऊ लकड़ी एवं घास की व्यवस्था, मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के रंग-रोगन एवं स्वच्छता कार्य पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक के पश्चात संभागायुक्त श्री महादेव कावरे एवं कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने अधिकारियों के साथ नए मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, वीआईपी एवं सामान्य पार्किंग, मीना बाजार, फूड जोन, कंट्रोल रूम, आवागमन मार्ग, हेलीपैड स्थल, राजीव लोचन मंदिर, संत समागम एवं गंगा आरती स्थल से नए मेला स्थल तक नदी किनारे हो रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री शशिगानंदन के., जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी, उप संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व श्री प्रतापचंद पारख, एसडीएम राजिम श्री विशाल महाराणा, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. बर्मन, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री रामेश्वर सिंह, पीएचई के कार्यपालन अभियंता श्री विप्लव घृतलहरे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




