छत्तीसगढरायपुर

“दो साल निरंतर सेवा, निरंतर विकास” की भावना को समर्पित आठ कॉफी टेबल बुक्स का मुख्यमंत्री साय ने किया विमोचन


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शाम नवीन विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य को सहेजने वाली जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित आठ कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन किया। यह प्रकाशन राज्य सरकार के “दो साल निरंतर सेवा, निरंतर विकास” की भावना को समर्पित है।

विमोचित पुस्तकों में बस्तर दशहरा (हिन्दी व अंग्रेजी), पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ (हिन्दी व अंग्रेजी), छत्तीसगढ़ के अतुल्य जलप्रपात (हिन्दी व अंग्रेजी) तथा बैगा टैटू (हिन्दी व अंग्रेजी) शामिल हैं। ये सभी पुस्तकें छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, ऐतिहासिक परंपराओं, आदिवासी जीवन शैली, कला एवं राज्य की अद्भुत प्राकृतिक धरोहर को सजीव रूप में प्रस्तुत करती हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि ये कॉफी टेबल बुक्स छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को देश-विदेश तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेंगी। उन्होंने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक परंपराएँ, जनजातीय कला, जलप्रपातों की अनुपम छटा और बैगा समुदाय की अनूठी टैटू परंपरा राज्य की सांस्कृतिक विरासत का गौरव हैं, जिन्हें इन पुस्तकों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास बताया।

विमोचन कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महासमुन्द विधायक योगेश्वर सिन्हा, जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव, जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, पूर्व विधायक खिलावन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button