ब्रेकिंग न्यूज

“साधक की चेतना की आकाशीय अवस्था की उपलब्धि का नाम है मोक्षदायिनी काशी”


अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्फ्रेंस, बनारस में इंजी. संतोष कुमार मिश्र ‘असाधु’ हुए सम्मानित

जबलपुर।
विगत दिवस अंतरराष्ट्रीय रामायण शोध संस्थान, अयोध्या, शोध संस्थान वृंदावन एवं तारक सेवा मंडल, बनारस के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर “भारत की अस्मिता: श्रीराम कथा” विषय पर एक भव्य वैचारिक सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश-विदेश से पधारे विद्वानों, शोधार्थियों एवं धर्म-दर्शन के मर्मज्ञों ने सहभागिता की।

सम्मेलन में रामायण केंद्र, जबलपुर इकाई के संयोजक तथा धर्म, अध्यात्म एवं दर्शन के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके प्रसिद्ध धार्मिक चिंतक इंजी. संतोष कुमार मिश्र ‘असाधु’ को उनके मौलिक चिंतन और शोधात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इंजी. मिश्र वर्तमान में मध्य प्रदेश पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड, जबलपुर में सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।

इंजी. संतोष कुमार मिश्र ‘असाधु’ ने इस अवसर पर “श्रीरामचरितमानस में तापस प्रसंग” विषय पर एक अत्यंत गंभीर एवं शोधपरक आलेख प्रस्तुत किया। अपने सारगर्भित वक्तव्य में उन्होंने रामायण से जुड़े विभिन्न भ्रामक दुष्प्रचारों का तार्किक एवं शास्त्रीय आधार पर खंडन किया। उन्होंने प्रतिपादित किया कि मोक्षदायिनी काशी कोई मात्र भौगोलिक अवधारणा नहीं, बल्कि साधक की चेतना के उस आकाशीय उत्कर्ष की अवस्था है, जहाँ आत्मबोध की पूर्णता प्राप्त होती है।

उन्होंने समाधि की गहन अवस्था में साधक की चेतना के उत्कर्ष से उद्घाटित परा वाणी से प्रकट प्रणव—‘राम नाम’ को ही भवसागर से तारने वाला परम तारक मंत्र बताया, जिसे श्रोताओं एवं विद्वानों ने मुक्त कंठ से सराहा।

जन-जागृति की दिशा में इस प्रकार के अभिनव एवं वैचारिक कार्यों के माध्यम से इंजी. संतोष कुमार मिश्र ‘असाधु’ ने संस्कारधानी जबलपुर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्धिक मंच पर गौरवान्वित किया है।

इस अवसर पर कवि संगम त्रिपाठी, संस्थापक—प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए जारी विज्ञप्ति में कहा कि संतोष कुमार मिश्र ‘असाधु’ अपनी भाषा, संस्कृति एवं भारतीय आध्यात्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में सतत प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button