ब्रेकिंग न्यूज

कालाबाजारी रोकने, खाद उपलब्ध कराने और धान खरीद में बाटीदारों के अधिकार सुनिश्चित करने सरकार आगे आए : आर. बी. सिंह पटेल


भोपाल(छत्तीसगढ़ उजाला)
अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने राज्य की मोहन सरकार से किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई धान क्रय केंद्रों पर अव्यवस्था और मनमानी के कारण किसान परेशान हैं, जो बेहद चिंता का विषय है।

पटेल ने आरोप लगाया कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को यह कहकर लौटा दिया जा रहा है कि उनका धान खरीदी योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार किसानों के साथ अन्यायपूर्ण और संदिग्ध है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका भी बढ़ती है। उनका कहना है कि केंद्र की एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन क्रय केंद्रों पर तैनात स्टाफ किसानों के साथ अपमानजनक व्यवहार कर रहा है और उनसे सुविधा शुल्क जैसी अनुचित मांगें की जा रही हैं।

उन्होंने विशेष रूप से मांग की कि बटाई पर खेती करने वाले किसानों (बाटीदारों) को भी क्रय केंद्रों और मंडियों में पंजीकरण की सुविधा दी जाए, ताकि वे भी सरकारी मूल्य पर अपना धान बेच सकें। पटेल ने कहा कि बाटीदार भी किसान का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें अधिकारों से वंचित करना गलत है।

रबी की बुवाई के मद्देनजर खाद की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए पटेल ने कहा कि खाद की किल्लत और कालाबाजारी किसानों के लिए भारी समस्या बन चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मांग के अनुरूप खाद की तत्काल और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि फसल प्रभावित न हो।

उन्होंने जोर देकर कहा कि खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाना सरकार की जिम्मेदारी है और यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो इसका सीधा नुकसान किसान वर्ग को होगा। पटेल ने स्पष्ट किया कि अपना दल (एस) किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह सजग है और उनके अधिकारों व हितों की लड़ाई जारी रखेगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button