प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल का जीपीएम जिले का दौरा: समीक्षा बैठक, दो पुलिस चौकियों का शुभारंभ और धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को जीपीएम जिले के एक दिवसीय दौरे में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने सबसे पहले कलेक्टर परिसर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागवार प्रगति का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी दिशा में सभी विभाग प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
दो नई पुलिस चौकियों का उद्घाटन
अपने दौरे के दौरान मंत्री अग्रवाल ने जिले में दो नई पुलिस चौकियों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन चौकियों के शुरू होने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा पुलिस की पहुंच ग्रामीण इलाकों तक और तेजी से हो पाएगी।
धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण – किसानों से सीधी बातचीत
इसके बाद मंत्री पेंड्रा स्थित धान खरीदी केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और खरीदी प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की। किसानों से सीधे चर्चा करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या समिति द्वारा कहीं अनावश्यक वसूली या किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने खरीदी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। टोकन समस्या उठने पर मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए पहले टोकन जारी किए जाएँ। उन्होंने यह भी बताया कि शासन स्तर पर खरीदी लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसके चलते अगले एक-दो दिनों में खरीदी की रफ्तार और तेज होगी।
सड़क और निर्माण कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएँ
समीक्षा के बाद मंत्री ने जिले में सड़क और आधारभूत संरचना विकास से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाईपास रोड सहित सभी लंबित प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित किए जाएँ, ताकि आगामी बजट में अधिक से अधिक सड़कों और निर्माण कार्यों को शामिल किया जा सके।
उन्होंने बताया कि कटघोरा–पसान–पेंड्रा मार्ग का टेंडर पूर्ण हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, वहीं तीन-चार अन्य सड़कों के टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा कुछ नए सड़क प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।
किसानों को आश्वासन – बिचौलियों का धान नहीं खरीदा जाएगा
मंत्री अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि यह विष्णुदेव साय की सरकार है, जो किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रत्येक वास्तविक किसान का एक-एक दाना धान खरीदेगी, लेकिन किसी भी प्रकार से बिचौलियों का धान खरीदा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले में सड़क, संरचनात्मक और कृषि से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आएगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिलेगा।




