छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने बढ़ाया प्रदेश का मान : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ₹10 लाख सम्मान राशि का ऐलान

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप विजय पर पूरे देश में हर्ष की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने भारत का परचम विश्व मंच पर बुलंद किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने फिजियोथैरेपिस्ट एवं स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई है। खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी में उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समर्पण ने भारतीय टीम को सशक्त बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा,
> “आकांक्षा सत्यवंशी ने अपने परिश्रम और सेवा से यह सिद्ध किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में देश का गौरव बन सकती हैं।”
उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार ने ₹10 लाख की सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
श्री साय ने कहा कि आकांक्षा की यह सफलता छत्तीसगढ़ की सभी बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उनके कठिन परिश्रम, निष्ठा और संकल्प का परिणाम है, जिसने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि छत्तीसगढ़ से और भी ऐसी प्रतिभाएँ सामने आएँ जो देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करें।




