महेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर

*शिक्षक युक्तियुक्तकरण का विरोध : मनेन्द्रगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, डी.ई.ओ कार्यालय का घेराव कर जमकर हुई नारेबाजी*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़ उजाला)। शिक्षा विभाग एम सी बी में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में गड़बड़ी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की

कांग्रेस कार्यकर्ताओ नें सुबह 11 बजे तय समयानुसार मनेन्द्रगढ़ के गांधी चौक से शिक्षा न्याय यात्रा निकाली ,जिसमें कार्यकर्त्ता नारेबाजी करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे,जहां कांग्रेस के तय आंदोलन के लिए पुलिस ने मेन गेट के बाहर बेरीकेड्स लगाए थे, कांग्रेस कार्यकर्ता बेरीकेड्स को गिराते हुएअंदर दाखिल हो गए और युक्तियुक्तकरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि पूरे प्रदेश में 10 हजार स्कूल बंद हो रहे हैं। 40 हजार युवाओं की नौकरी चली जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षाधिकारी के साथ विकाश खंड शिक्षा अधिकारी और कार्यालय के बाबू उपाध्याय पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। पूर्व विधायक कमरो ने कहा कि अपने लोगों को बचाने, मंत्री और कलेक्टर को खुश करने फर्जी सूची बना दी है। सूची में विसंगति है, उसे निरस्त करें। । उन्होंने कहा कि सूची को निरस्त करें, नहीं तो आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करेंगे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा युक्तियुक्तकरण कर लगभग 10 हजार विद्यालयों को बंद किया गया और 45 हजार से ज्यादा शिक्षकों के पद समाप्त कर दिए गए हैं। पूरे प्रदेश में व्यापक पैमाने में शिक्षा के नाम पर हुए भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस ने डीईओ कार्यालय का घेराव किया है। डीईओ कार्यालय घेराव के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, पूर्व नपाध्यक्ष प्रभा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू,प्रवक्ता सौरव मिश्रा, हाफिज मेमन, स्वाप्निल, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्त्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button