
रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी रजनेश सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर पदोन्नत कर दिया है। उनकी यह पदोन्नति 01 जनवरी 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा हाल ही में 13 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले आठ आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की गई थी।
हालांकि, तकनीकी त्रुटियों के कारण इस सूची में 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी रजनेश सिंह का नाम शामिल नहीं हो पाया था। छत्तीसगढ़ शासन ने इस त्रुटि को संज्ञान में लेते हुए 18 मार्च 2025 को संशोधित आदेश जारी कर रजनेश सिंह को चयन श्रेणी वेतनमान (लेवल-13) में पदोन्नति प्रदान की है। उनके वेतनमान को Rs 1,23,100 – Rs 2,15,900 के स्तर पर स्वीकृत किया गया है। यह आदेश गृह (पुलिस) विभाग के सचिव हिम शिखर गुप्ता द्वारा जारी किया गया।
डीएसपी के पद पर हुई थी ज्वॉइनिंग
रजनेश सिंह 1997 में डीएसपी के पद से पुलिस विभाग में ज्वॉइनिंग दी थी। जिसके बाद उन्हें प्रमोशन देकर एडिशनल एसपी बनाया गया। फिर साल 2012 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में (आईपीएस) अवॉर्ड दिया गया।
2017 में मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक
उन्हें साल 2017 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया गया था। अपनी सेवा के दौरान उन्होंने रायपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, धमतरी, नारायणपुर और वर्तमान में बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
नक्सल मोर्चे पर अहम भूमिका
बस्तर में पदस्थापना के दौरान उन्होंने कई अहम नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया और इन अभियानों में उनकी भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया। एसीबी में रहते हुए उन्होंने कई हाई-प्रोफाइल भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई की थी।