दिन दहाड़े ज्वेलरी दुकान के संचालक से उठाईगिरी मामले में पुलिस को मिली सफलता, एसपी ने किया खुलासा चार आरोपित गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। सरकंडा के अशोक नगर में ज्वेलरी दुकान संचालक के सामने बदमाशों ने गंदगी कर दी थी। दुकान संचालक सफाई में लगे थे। इसी दौरान उठाईगीर जेवर से भरा बैग लेकर बाइक सवार युवक भाग निकले। घटना की शिकायत पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही मोहल्ले के बदमाशों की जानकारी जुटाई गई। जांच के बाद पुलिस ने ओडिशा के चार उठाईगीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बाइक और सोने-चांदी के जेवर जब्त कर लिए गए हैं।
इमलीपारा में रहने वाले जवाहर सोनी की अशोक नगर सरकंडा में मां भवानी ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी के जेवरों की दुकान है। बुधवार की सुबह वे दुकान खोलने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने देखा की शटर और दुकान के सामने गंदगी है। उन्होंने मकान मालिक से पानी मांगकर सफाई की। इसके बाद वे पानी का पाइप वापस करने जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने जेवरों से भरे बैग को बाइक पर लटकाकर रखा था। इसी दौरान वहां पर आए बाइक सवार युवक उनका बैग लेकर भाग निकले। घटना की जानकारी होने पर दुकान संचालक ने शोर मचाया। तब तक लुटेरे वहां से गायब हो गए थे। दुकान संचालक ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी देकर पुलिस को सूचना दी। बैग में करीब 15 लाख के जेवर थे। लूट की इस सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई, साथ ही पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जवानों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर लुटेरों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। इसके साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए। रात करीब आठ बजे पुलिस ने सिरगिट्टी के आवासपारा में दबिश देकर चार आरोपित को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त दो बाइक को जब्त कर लिया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
बाहरी गिरोह की आशंका पर पुलिस ने शुरू की जांच
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि घटना के तरीके से पता चल गया कि उठाईगीर बाहरी हो सकते हैं। इससे पहले भी बैंक और भीड़भाड़ वाली जगहों पर कपड़ों में गंदगी लगाकर उठाईगिरी का मामला सामने आया है। नट और कंजर गिरोह इस तरह के तरीके अपना कर उठाईगिरी को अंजाम देते हैं। संदेह के आधार पर आसपास में रहने वाले बाहर से आए लोगों की जांच शुरू कर दी गई। जिले के सभी थाना क्षेत्र में घटना की सूचना दी गई। पुलिस संदेहियों की तलाश में जुट गई।
ओडिशा के जाजपुर और गंजाम जिले में रहने वाले युवक एक सप्ताह पहले ही शहर पहुंचे थे। युवकों ने ढाई हजार रुपये महीने में सिरगिट्टी के आवासपारा में मकान किराए पर लिया। मकान किराए पर लेते समय उन्होंने शहर में मजदूरी करने के लिए आने की बात कही थी। यहां पर रहकर युवक शहर में उठाईगिरी करने रेकी करते रहे। चार दिन रेकी के बाद दो दिन पहले ही युवकों ने अशोक नगर स्थित ज्वेलरी दुकान को चुना। इसके बाद उन्होंने उठाईगिरी का प्लान बनाकर घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद युवक सिरगिट्टी स्थित किराए के मकान में जाकर छुप गए थे।
उठाईगिरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित भाग निकले थे। इधर पुलिस की टीम जब जांच के लिए पहुंची तो उन्हें पहले ही बाहरी गिरोह के शामिल होने का अंदेशा हो गया था। अधिकारियों ने जवानों को शहर के अलग-अलग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की जांच के निर्देश दिए। इधर आसपास के सीसीटीवी कैमरों से भाग रहे युवकों की पहचान की कोशिश की जाने लगी। जांच के दौरान पुलिस ने बदमाशों की बाइक की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस की टीम आरोपित युवकों की तलाश कर रही थी। ओडिशा पासिंग बाइक के सहारे ही पुलिस की टीम रात करीब आठ बजे बदमाशों के ठिकाने पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित युवकों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान जब्त कर लिए हैं।
पुलिस की टीम में ये रहे शामिल, मिलेगा इनाम
दिनदहाड़े 15 लाख की उठाईगिरी के बाद पुलिस की टीम चोरों को पकड़ने में जुट गई। इस टीम में एएसपी सिटी उमेश कश्यप, एसीसीयू के प्रभारी एएसपी अनुज कुमार, सरकंडा सीएसपी सिद्धार्थ बघेल, एसीसीयू के प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसआइ अजहररूद्दीन, प्रभाकर तिवारी, प्रधान आरक्षक देवमुन सिंह पुहुप, आतिश पारिक, शोभित कैवर्त, आरक्षक तरूण केशरवानी, मुकेश वर्मा, विकास राम, तदबीर पोर्ते, विरेन्द्र गंधर्व, सत्य पाटले, राघवेन्द्र साहू, नवीन एक्का, बोधूराम कुम्हार, निखिल राव जाधव, संजय यादव, प्रशांत शामिल रहे। एसपी रजनेश सिंह ने टीम के सदस्यों को इनाम देने की घोषणा की है।
पकड़े गए आरोपित
पुलिस ने मामले में शामिल दीपक प्रधान पिता स्व. पोत्राछ प्रधान 26 वर्ष निवासी दोसमनिया, थाना कलिंग नगर जोगपुरा जिला जाजपुर ओडिशा, अर्जुन प्रधान पिता दुर्गाराव प्रधान 23 वर्ष निवासी दोसमनिया थाना कलिंग नगर जोगपुरा जिला जाजपुर ओडिशा, आर्यन उर्फ महेश प्रधान पिता सुकटा प्रधान 23 वर्ष निवासी डुकनी शाहपुर थाना कोलईचका जिला गंजाम ओडिशा, भोला प्रधान पिता लचना प्रधान 24 वर्ष निवासी दोसमनिया, थाना कलिंग नगर जोगपुरा जिला जाजपुर ओडिशा को पकड़ा गया है।
पुलिस कप्तान सिंह ने बताया कि शहर में 15 लाख के जेवरों की उठाईगिरी से पुलिस में खलबली मची हुई थी। इधर उठाईगिरी करने वाले बेखौफ होकर बाजार में खरीदारी करने निकल पड़े। पुलिस की टीम शहर भर के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आरोपित के बाइक की पहचान कर ली गई। सीसीटीवी कैमरों के सहारे पुलिस की टीम सिरगिट्टी के आवासपारा तक पहुंची। यहां पर उठाईगिरी करने वालों का पता चल गया। जवान जब उनके ठिकाने पर पहुंचे तो केवल दो लोग मिले। दो युवक खरीदारी करने के लिए बाजार गए हुए थे। जवानों ने पकड़े गए आरोपित का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद जवान अलग-अलग जगहों पर छुपकर दो आरोपित को इंतजार करते रहे। उनके आते ही जवानों ने दबोच लिया।