ब्रेकिंग न्यूज

कोल लेवी मामले में रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, नियमित जमानत याचिका खारिज; करोड़ों की बेनामी संपत्तियों और अन्य घोटालों की जांच पर भी उठे सवाल

104.20 करोड़ रुपये कांग्रेस के लिए खर्च करने का जांच एजेंसी का आरोप, परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदने का भी मामला आया सामने; जमानत खारिज होने के बाद अन्य आर्थिक अपराधों की जांच को लेकर बढ़ी हलचल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी वसूली मामले में जेल में बंद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने मामले की गंभीरता, केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने माना कि उपलब्ध साक्ष्यों से आर्थिक अपराध में आवेदक की प्रथम दृष्टया संलिप्तता परिलक्षित होती है।

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ट्रायल में देरी के लिए केवल अभियोजन पक्ष को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है। वहीं, अन्य सह-आरोपियों को जमानत मिलने के आधार पर भी रामगोपाल अग्रवाल को राहत नहीं दी जा सकती। अदालत के मुताबिक, जिन सह-आरोपियों को जमानत मिली, वे डेढ़ से दो साल तक जेल में रहे थे, जबकि अग्रवाल गिरफ्तारी के बाद लगभग तीन माह ही जेल में रहे हैं। ऐसे में समानता का आधार लागू नहीं होता। आर्थिक अपराध की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि आदेश में की गई टिप्पणियों का विचाराधीन ट्रायल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

104.20 करोड़ रुपये कांग्रेस के लिए खर्च करने का आरोप

जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए दलील दी कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और अब हिरासत में रखकर पूछताछ करने की आवश्यकता नहीं है। बचाव पक्ष ने ट्रायल में देरी और अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत की मांग की थी।

वहीं, जांच एजेंसी ने आरोप लगाया कि रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से अवैध कोयला लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए खर्च किए। जांच में अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की बात भी सामने आई है। शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध करते हुए अदालत को बताया कि आवेदक संपत्तियों की खरीद के लिए आय का वैध स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है।

540 करोड़ की अवैध लेवी वसूली का पूरा नेटवर्क

अभियोजन के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को कथित तौर पर मैनुअल प्रणाली में बदलकर प्रति टन 25 रुपये की दर से अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया गया था। रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित प्रदेश के प्रमुख कोयला उत्पादक जिलों में जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूली किए जाने का आरोप है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को इस मामले में 35 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। रामगोपाल अग्रवाल को 8 जुलाई 2026 को एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत गिरफ्तार किया गया था। तब से वे न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

VIP रोड से नवा रायपुर तक संपत्तियों में निवेश के दावे

कोल लेवी मामले में जमानत खारिज होने के बाद अब रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े अन्य कथित आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों की चर्चा भी तेज हो गई है। सूत्रों के दावों के मुताबिक, कोयला परिवहन लेवी मामले के अलावा भी लगभग आधा दर्जन अन्य मामलों में उनकी कथित भूमिका की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सूत्रों का दावा है कि घोटालों से अर्जित रकम का बड़ा हिस्सा उनके पुत्रों और अन्य नाते-रिश्तेदारों के नाम पर रियल एस्टेट कारोबार में निवेश किया गया। इन दावों के अनुसार, रायपुर के वीआईपी रोड से लेकर नवा रायपुर और नकटी से मंदिर हसौद तक करोड़ों-अरबों रुपये की नामी-बेनामी संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई है।

यह भी दावा किया जा रहा है कि कुछ संपत्तियों की खरीद कथित तौर पर उस अवधि में हुई, जब रामगोपाल अग्रवाल फरार थे। इन संपत्तियों के लेन-देन, रजिस्ट्री में घोषित मूल्य, आय के स्रोत और कर संबंधी पहलुओं की जांच की मांग भी उठ रही है। हालांकि, इन संपत्तियों को लेकर लगाए गए आरोपों और कर चोरी संबंधी दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

अब खदान आवंटन और माइनिंग मामलों की जांच पर निगाहें

रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब निगाहें उनसे जुड़े अन्य कथित आर्थिक अपराधों और खनन गतिविधियों की जांच पर टिक गई हैं। विशेष रूप से खदानों के कथित गैरकानूनी आवंटन, माइनिंग से जुड़े आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों में निवेश के आरोपों को लेकर जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कोल लेवी मामले में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद यह सवाल भी चर्चा में है कि क्या जांच का दायरा अब अन्य कथित आर्थिक अनियमितताओं और संपत्ति निवेश तक पहुंचेगा? फिलहाल अदालत के फैसले ने रामगोपाल अग्रवाल की कानूनी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर सबकी निगाहें रहेंगी।

 

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button