राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्र से की सौजन्य भेंट, विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर हुई चर्चा
नई दिल्ली(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव श्री नृपेंद्र मिश्र से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा, राज्य सरकार की नीतिगत प्राथमिकताओं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी विजन ‘विकसित भारत @2047’ के अनुरूप प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान श्री गणेश शंकर मिश्रा ने श्री नृपेंद्र मिश्र को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित प्रमुख विकास योजनाओं एवं विभिन्न नीतिगत पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण और आर्थिक प्रगति को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
श्री मिश्रा ने विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश में समावेशी विकास को गति देने, विकास के लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने तथा सतत एवं संतुलित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे महत्वपूर्ण कदमों से श्री नृपेंद्र मिश्र को अवगत कराया।
इस सौजन्य भेंट को छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल, राज्य की नीतिगत दिशा और विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य के साथ प्रदेश की विकास यात्रा को जोड़ने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




