ब्रेकिंग न्यूज

छत्तीसगढ़ में IAS-IPS अफसरों की बड़ी सर्जरी की तैयारी! एक दर्जन जिलों के कलेक्टर बदलने की चर्चा तेज, IPS अधिकारियों के भी होंगे तबादले

अगले एक-दो सप्ताह में आ सकती है प्रशासनिक फेरबदल की सूची, रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह का नाम भी चर्चा में; पुलिस विभाग में भी बदलाव के संकेत

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों के तबादलों के बाद अब IAS और IPS अधिकारियों की पदस्थापना में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगले एक से दो सप्ताह के भीतर प्रदेश में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं। संभावित फेरबदल में एक दर्जन जिलों के कलेक्टरों को बदले जाने की चर्चा जोरों पर है। रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह का नाम भी संभावित बदलाव को लेकर चर्चा में बताया जा रहा है।

मंत्रालय के गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, कलेक्टरों की पदस्थापना को लेकर कवायद अंतिम चरण में है। लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थ अधिकारियों के अलावा जिलों में प्रशासनिक कार्यशैली और विकास कार्यों की स्थिति को भी बदलाव का आधार बनाया जा सकता है।

IAS के साथ IPS अधिकारियों की भी बदलेगी जिम्मेदारी?

इस संभावित फेरबदल में केवल IAS अधिकारी ही नहीं, बल्कि कुछ IPS अधिकारियों के भी तबादले किए जाने की चर्चा है। पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। कुछ जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना बदले जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, किन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलेगी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सरगुजा, बलरामपुर, बीजापुर, बस्तर और जशपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में प्रशासनिक कामकाज और विकास कार्यों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कलेक्टरों के प्रदर्शन की समीक्षा की चर्चा है। खराब सड़कों, विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और विभागीय शिकायतों को भी इस फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है।

जिला पंचायत CEO और अन्य विभागों में भी बदलाव के संकेत

कलेक्टरों और पुलिस अधिकारियों के साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सक्रिय और जनता से सीधे जुड़कर काम करने वाले अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की चर्चा है।

तबादलों पर सियासत भी गर्म

इधर, तबादलों को लेकर कांग्रेस सरकार पर लगातार सवाल उठा रही है। विपक्ष का आरोप है कि तबादलों के नाम पर कथित लेन-देन हो रहा है और प्रदेश में तबादला उद्योग चलाया जा रहा है। वहीं, सत्ता पक्ष इन आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर पलटवार कर रहा है।

फिलहाल सबकी निगाहें मंत्रालय से जारी होने वाली संभावित तबादला सूची पर टिकी हैं। यदि चर्चाओं के मुताबिक बदलाव होते हैं, तो IAS और IPS दोनों ही सेवाओं के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकता है। अब देखना होगा कि सरकार की अंतिम सूची में किन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलती है और किन जिलों में प्रशासनिक एवं पुलिस नेतृत्व बदला जाता है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button