कंकाली नाका चौक में विराजे गणपति बप्पा, आज संध्या आरती के बाद होगा भव्य भंडारा
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी रायपुर के कंकाली नाका चौक में श्री क्रांति संघ गणेशोत्सव समिति द्वारा परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। पुरानी बस्ती थाना के सामने विराजे भगवान श्री गणेश की आकर्षक प्रतिमा और मनमोहक साज-सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
समिति द्वारा गणेशोत्सव के अवसर पर विद्युत सजावट सहित आकर्षक साज-सज्जा की गई है, जो श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों का मन मोह रही है। उत्सव के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु भगवान श्री गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
श्री क्रांति संघ गणेशोत्सव समिति द्वारा सोमवार, 21 सितंबर को भव्य भंडारा आयोजित किया जा रहा है। भंडारा संध्या आरती के पश्चात प्रारंभ होगा। समिति ने श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं समस्त धर्मप्रेमी जनता से भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
समिति के इस आयोजन से गणेशोत्सव की धार्मिक और सामाजिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ ही श्रद्धालुओं के बीच सेवा, समर्पण और आपसी सद्भाव का संदेश भी प्रसारित हो रहा है।




