वरिष्ठ कवि मदन श्रीवास्तव का 75वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

जबलपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-संस्कारधानी जबलपुर में साहित्यिक गरिमा और आत्मीयता से परिपूर्ण वातावरण के बीच वरिष्ठ कवि मदन श्रीवास्तव का 75वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर होटल युवराज में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें साहित्य जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, मित्रों, परिजनों और शुभचिंतकों ने शामिल होकर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह में गणेश श्रीवास्तव ‘प्यासा जबलपुरी’, पं. निरंजन द्विवेदी ‘वत्स’, मनोज स्थापक एवं कवि संगम त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने वरिष्ठ कवि मदन श्रीवास्तव के व्यक्तित्व एवं साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर पूरा माहौल उत्साह, उल्लास और आत्मीयता से सराबोर रहा। परिवारजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने पुष्पगुच्छ और शुभकामनाओं के साथ उनके जीवन के इस विशेष पड़ाव को यादगार बनाया। 75 वर्ष की जीवन यात्रा पूर्ण करने पर आयोजित इस अमृत जन्मोत्सव ने समारोह को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं आयोजन रचित श्रीवास्तव और इहा निगम द्वारा किया गया। उनके कुशल संयोजन में आयोजित यह समारोह शानदार और यादगार रहा। हर्षोल्लास के बीच वरिष्ठ कवि मदन श्रीवास्तव का 75वां जन्मोत्सव आत्मीय मिलन और साहित्यिक सम्मान के रूप में उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।




