ब्रेकिंग न्यूज

आबकारी विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 167 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले जिला आबकारी अधिकारियों से लेकर सहायक ग्रेड-3 तक बदले गए अधिकारी-कर्मचारी, 6 प्रोबेशनरी अधिकारियों को मिली नई पोस्टिंग

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग में बुधवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने विभिन्न स्तरों पर पदस्थ 167 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले की सूची जारी की है। यह आदेश वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग की ओर से जारी किया गया है। तबादला सूची में जिला आबकारी अधिकारियों से लेकर सहायक ग्रेड-3 स्तर के कर्मचारियों तक को नई पदस्थापना दी गई है।

जारी आदेश के मुताबिक तबादले के दायरे में विभाग के कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। सूची में 6 प्रोबेशनरी अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग दी गई है। इसके अलावा 6 जिला आबकारी अधिकारी (DEO) का स्थानांतरण किया गया है।

ADEO से लेकर आबकारी आरक्षक तक फेरबदल

तबादला सूची में 31 सहायक जिला आबकारी अधिकारियों (ADEO) को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विभाग में पदस्थ 57 आबकारी उप निरीक्षकों को भी अलग-अलग स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही 39 आबकारी आरक्षकों के तबादले किए गए हैं।

विभागीय स्तर पर किए गए इस फेरबदल में कार्यालयीन और मैदानी अमले को भी शामिल किया गया है। सूची के अनुसार 12 एक्साइज क्लर्क, 8 वाहन चालक और 8 भृत्य भी नई पदस्थापना पर भेजे गए हैं।

नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश

आबकारी विभाग की ओर से जारी आदेश में तबादला सूची में शामिल सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी नई पदस्थापना के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। बड़े पैमाने पर हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद विभाग के कई जिलों और कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।

तबादला आदेश को विभागीय कामकाज में प्रशासनिक व्यवस्था के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है। अब नई पदस्थापना पाने वाले अधिकारी-कर्मचारी संबंधित स्थानों पर कार्यभार संभालेंगे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button