शराब घोटाला: कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल 5 अगस्त तक EOW रिमांड पर, कोर्ट पहुंचे पूर्व CM भूपेश बघेल
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को अदालत ने 5 अगस्त तक EOW की रिमांड पर भेज दिया है। अदालत में पेशी के दौरान एक अहम घटनाक्रम तब देखने को मिला, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रामगोपाल अग्रवाल से मिलने कोर्ट पहुंचे। इस मुलाकात पर पूरे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर रही।
EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने कथित शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने और उनके लेन-देन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और कई पहलुओं पर पूछताछ बाकी होने के कारण अतिरिक्त रिमांड की मांग की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
तीन साल तक रहे फरार, 8 जुलाई को किया था सरेंडर
रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन वर्षों तक फरार रहे। उन्हें पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद EOW ने भी उन्हें अपने मामले में गिरफ्तार किया।
बताया गया कि 8 जुलाई को रामगोपाल अग्रवाल स्वयं EOW कार्यालय पहुंचे और सरेंडर किया। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 9 जुलाई से 17 जुलाई तक पुलिस रिमांड मंजूर की गई थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें फिर अदालत में पेश किया गया, जहां से अब 5 अगस्त तक EOW की रिमांड बढ़ा दी गई है।
जांच में कई अहम खुलासों की उम्मीद
EOW का मानना है कि पूछताछ के दौरान शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, कथित मनी ट्रेल और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इसी वजह से एजेंसी लगातार मामले की गहराई से जांच कर रही है।
शराब घोटाला पहले से ही छत्तीसगढ़ की राजनीति का सबसे चर्चित मामलों में से एक है। ऐसे में रामगोपाल अग्रवाल की रिमांड बढ़ने और कोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी ने इस मामले को एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी चर्चा के केंद्र में ला दिया है।



